अल्मोड़ा: लगातार बढ़ते जा रहा एसएसजे परिसर में हुआ विवाद, अब पांच छात्रों पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना परिसर में हुआ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब घायल पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं पहले से दर्ज मुकदमें में दूसरे पक्ष के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

जानें पूरा मामला

         बीते सोमवार को एसएसजे परिसर के विधि संकाय में फ्रेशर पार्टी के दौरान विवाद हो गया था। विवाद इतना बड़ा की मारपीट में बदल गया था। धारदार हथियार से भी छात्रों ने एक-दूसरे पर हमला किया। इसके बाद कॉलेज से निकलकर सड़क में भी विवाद हुआ। मारपीट में नीरज बिष्ट, गौरव लटवाल, दीपक कैड़ा भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि अन्य कुछ छात्रों को भी चोटे आई। घायल तीनों छात्र एबीवीपी के बताए जा रहे हैं। आरोप है कि नीरज पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर घायल छात्रों को बेस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मंगलवार को तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया था। जबकि तहरीर के आधार पर तीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था।

छात्रा ने दी तहरीर

इधर एक छात्रा ने तहरीर देकर दूसरे पक्ष के दीपक कैड़ा, गौरव लटवाल, गौरव कनवाल, शिवम परगाई और राहुल कुमार पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। शिकायत के बाद छात्रों के विरुद्ध धारा- 354 में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ उप निरीक्षक सतीश चंद्र कापड़ी ने बताया कि पहले दर्ज मुकदमें में दीपक सिराड़ी और आशीष जोशी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि छोड़छाड़ के मामले में जांच की जा रही है।