बागेश्वर: जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी रवेंद्र सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित जन सुनवाई में लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। जन सुनवाई के दौरान कुल 10 शिकायतें सामने आईं, जिनमें पेयजल, विद्युत, भूमि और राजस्व से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न की जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे शिकायतकर्ताओं से संवाद बनाए रखें और की गई कार्रवाई की जानकारी भी उन्हें दें।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति और प्रतिशत में सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।