पिथौरागढ़: खाई में गिरी ब्रीजा कार, बेरीनाग व थल पुलिस ने किया रेस्क्यू, चारों घायलों को निकाला बाहर

​पिथौरागढ़: बेरीनाग के बरसायत क्षेत्र में आज एक ब्रीजा कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची बेरीनाग और थल पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और खाई में फंसे चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया।
​
पुलिस ने दिखाई तत्परता

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को बरसायत क्षेत्र में एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली बेरीनाग के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार और थानाध्यक्ष थल गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुँचने पर पुलिस ने पाया कि एक ब्रीजा कार (संख्या UK05F7913) सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी हुई थी और उसमें सवार चारों लोग घायल अवस्था में फंसे हुए थे। पुलिस जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद चारों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।