उत्तराखंड: उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर धामी सरकार जल्द ही विद्यार्थियों को मोबाइल टैबलेट उपलब्ध कराएगी।
मिलेगा लाभ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके माध्यम से छात्र राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग और वर्चुअल कक्षाओं से जुड़ सकेंगे। जिसमें ऑनलाइन कोचिंग के तहत गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। विशेषज्ञ शिक्षक प्रतिदिन एक से दो घंटे कक्षाएं लेकर विद्यार्थियों की विषयगत कमजोरियों को दूर करेंगे। इससे परीक्षार्थियों को परीक्षा से पूर्व तैयारी और रिवीजन (पुनरावृत्ति) का अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा।
बजट प्रस्ताव तैयार
मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बजट व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। योजना के तहत राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 10वीं और 12वीं के कुल 1.15 लाख छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे, जिनमें हाईस्कूल के 58,500 और इंटरमीडिएट के 56,500 विद्यार्थी शामिल हैं। प्रत्येक टैबलेट के लिए 20 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।