नैनीताल: उत्तराखंड हाई कोर्ट ने सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीशों और पूर्व न्यायाधीशों को बड़ी राहत दी है। साथ ही उनके प्रोटोकॉल, चिकित्सा, परिवहन और गेस्ट हाउस से जुड़ी सुविधाओं के लिए नई विस्तृत गाइडलाइन जारी की है।
गाइडलाइन जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तत्काल प्रभाव से लागू की गई इस व्यवस्था का लाभ न केवल पूर्व जजों को, बल्कि उनके जीवनसाथी और परिवार के सदस्यों को भी मिलेगा। यह सुविधा उन पूर्व न्यायाधीशों के लिए भी लागू होगी, जो वर्तमान में किसी आयोग या ट्रिब्यूनल में अध्यक्ष या सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। इस संबंध में हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कौशल किशोर शुक्ला की ओर से 17 नवंबर को जारी इस गाइडलाइन के अनुसार, नई दिल्ली स्थित एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर पूर्व जजों के आगमन और प्रस्थान के दौरान प्रोटोकॉल अधिकारी उनकी अगवानी करेंगे। अधिकारी उन्हें घर से स्टेशन या एयरपोर्ट तक छोड़ने जाएंगे, सामान पहुंचाने में सहयोग करेंगे और वापसी में सुरक्षित उनके निवास स्थान तक पहुंचाएंगे।
दूसरे राज्यों और विदेश यात्रा पर भी खास व्यवस्था
रिपोर्ट्स के मुताबिक नई गाइडलाइन के तहत यदि कोई पूर्व न्यायाधीश किसी अन्य राज्य की यात्रा करते हैं, तो संबंधित राज्य सरकार और वहां के हाई कोर्ट को उनका टूर प्रोग्राम भेजा जाएगा, ताकि वहां भी उन्हें प्रोटोकॉल और गेस्ट हाउस की सुविधा मिल सके। इसके अलावा, विदेश यात्रा की स्थिति में संबंधित देश के इंडियन मिशन (भारतीय दूतावास) को भी पूर्व सूचना दी जाएगी। दिल्ली और उत्तराखंड में पूर्व न्यायाधीशों के चिकित्सा उपचार के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इलाज और यात्रा के दौरान उन्हें आधिकारिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, निर्धारित शुल्क के भुगतान पर हाई कोर्ट के गेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
सभी जिलों में सीजेएम बने नोडल अधिकारी
इन सभी व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए हाई कोर्ट प्रशासन ने उत्तराखंड सदन (नई दिल्ली) सहित प्रदेश के सभी 13 जिलों के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
दिए थे यह निर्देश
दरअसल इसी वर्ष जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीशों और न्यायाधीशों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं के लिए देशभर में एक समान नीति तैयार की जाए, क्योंकि वर्तमान में विभिन्न राज्यों में इसके लिए अलग-अलग नियम लागू हैं।