रूद्रप्रयाग: सूर्यप्रयाग घाट पर एक साथ जलीं तीन चिताएं, बारात वाहन हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

रुद्रप्रयाग/जखोली:उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली (सिलगढ़) क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद आज सोमवार, 23 नवंबर 2026 को सूर्यप्रयाग घाट पर एक साथ तीन चिताएं जलीं।

आंखें नम

मिली जानकारी के अनुसार जखोली विकासखंड के घ्वेड़धार में हुए बारात वाहन हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों का सोमवार को सूर्यप्रयाग घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। घाट पर एक साथ जलती तीन चिताओं को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं और पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। वहीं, ग्रामीणों ने मार्ग की बदहाली पर आक्रोश जताते हुए प्रशासन से तत्काल सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। कुरछोला सिलगढ़ विकास समिति के अध्यक्ष दीपक रावत और पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नागेंद्र पंवार ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग कई बार बीडीसी बैठक, जनता दरबार और तहसील दिवस में उठाई जा चुकी है, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मयाली-गुप्तकाशी मोटरमार्ग के संवेदनशील स्थानों पर तत्काल स्टील रेलिंग लगाने और क्षतिग्रस्त पुश्तों की मरम्मत करने की मांग की।

किया अंतिम संस्कार
​
दरअसल बीते रोज कुरछोला से जखनोली जा रही बारात का एक वाहन मूल्या कुरछोला और अर्जुन मोड़ के बीच घ्वेड़धार के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार, बसन्ती देवी और सुनीता देवी की मौत हो गई, जिससे शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। सोमवार को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए, जिसके बाद सूर्यप्रयाग घाट पर गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया।

रहें मौजूद
​
​अंतिम संस्कार में दीपक पंवार, अर्जुन सिंह गहरवार, ओमप्रकाश बहुगुणा, नरेश भट्ट सहित कुरछोला और तैला गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।