नव संवत्सर पिंगल, बुध राजा, शुक्र मंत्री,कैसा रहेगा नव वर्ष? जानें मेष से लेकर सिंह राशि का वर्ष भर का राशिफल

हमारे नए वर्ष नव विक्रम संवत् 2080 का शुभारंभ  दिनांक 22 मार्च 2023 बुधवार से प्रारम्भ हो गया है। आज से पिंगल नामक संवत्सर यानी हिंदू नववर्ष  शुरू हो गया है। नए पिंगल नामक संवत्सर में राजा बुध तथा मन्त्री शुक्र होने से समाज तथा राजनीतिज्ञों में परस्पर टकराव,वैर विरोध एवं प्रतिद्वन्द्वता अधिक रहेगी। आरोप प्रत्यारोप भरा वातावरण रहेगा।मुल्यवृद्धि से साधारण जनता त्रस्त रहेगी। विश्व में अनेक स्थलों से युद्ध आदि के समाचार मिलेंगे।देश में दुधारू गाय, भैंस आदि पशुओं तथा वाहनों की हानि होगी। राजनीतिक, समाजिक, आर्थिक आदि सभी क्षेत्रों में चालाकी,कपट एवं बौद्धिक कूटनीतियों का प्रयोग होने लगेगा सम्वत 2080 में ऐसे अनेक राजनीतिक समीकरण दिखाई देंगे जिनमें षड्यंत्र, दोगलापन,पीठ पर छुरा घोंपना आदि के उदाहरण मिलेंगे।देश में गीतकार, संगीतकार, अभिनेता, विद्वानों, राजनितिज्ञो की गैर कानूनी एवं देश विरोधी गतिविधियां उजागर होंगी।22 अप्रैल से 15 मई तक चतुर्ग्रही योग 10 मई से 30 जून तक मंगल शनि मध्य षडाष्टक योग,तदुपरान्त समसप्तक योग रहने से देश के विभिन्न क्षेत्रों में साम्प्रदायिक टकराव की चिनगारी विचलित करती रहेंगी ।
विक्रम संवत् 2080 के राजा बुध का फ़ल-

यदि वर्ष का राजा बुध हो तो उस वर्ष वर्षा अच्छी होगी घर घर में विवाह आदि मांगलिक कार्य तथा उत्सव अधिक होंगे। लोगों में दान दया एवं धार्मिक कार्यों के प्रति प्रवृत्ति बढ़ेगी, स्वस्थ्य के सम्बन्ध में चेतन व जागरूक होना नितान्त आवश्यक है परन्तु कतिपय विद्वानों का यह मानना है कि सम्वत्सर का राजा बुध होने से देश में ठगी छल कपट करने वाले लोगों का बोलबाला तथा प्रभाव अधिक रहेगा।देश में सफेदपोश अपराधियों का भण्डाफोड़ भी होगा।शासक वर्ग किसी विशेष वर्ग को प्रसन्न करने के लिए लोकप्रिय एवं लोकलुभावन घोषणाएं करने में नहीं हिचकिचाएंगी। आयुर्वेद योग चिकित्सा प्रणाली का प्रचार प्रसार अधिक होगा।
सम्वत् के मन्त्री शुक्र का फ़ल –
शुक्र को मन्त्री पद प्राप्त होने से कीट पतंग मूषक जंगली सूवरों एवं अन्य जीव जन्तुओं का प्रकोप बढ़ेगा खड़ी फसलों की हानि होगी वर्षा अधिक रहेगी कहीं भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़ आदि प्राकृतिक प्रकोपों से कृषि धन आदि की हानि होगी।वात, पित्त कफ प्रमेह एवं योन आदि गुप्त रोंगों का प्रकोप बढ़ेगा।

श्रावण अधिक मास फल-
सम्वत् 2080 में चान्द्र श्रावण मास अधिक मास होगा इस अधि मास की समयावधि 18 जुलाई 2023 मंगलवार से 16 अगस्त 2023 बुधवार तक रहेगी।जिस महिने में सूर्य संक्रांति न हो वह महिना अधिमास होता है और जिसमें दो संक्रांति हों वह क्षय मास होता है।
प्रचलन में सौर वर्ष और चान्द्र वर्ष में सामंजस्य स्थापित करने के लिए हर तीसरे वर्ष एक चान्द्र मास की वृद्धि की जाती है लोक व्यवहार में इसी को अधिक मास, मलमास या पुरुषोत्तम मास के नाम से जाना जाता है ज्योतिष की गणना के आधार पर एक सौर वर्ष का मान 365 दिन 6 घण्टे व 11 सेकेंड है। जबकि चान्द्र वर्ष 354 दिन 9 घण्टे का होता है दोनों वर्षमानो में प्रति वर्ष 10 दिन 21 घण्टे 9 मिनट का अन्तर अर्थात् 11 दिन का अन्तर पड़ जाता है इस अन्तर में सामंजस्य स्थापित करने के लिए 32 महिने 16 दिन 4 घड़ी बीत जाने पर अधिक मास का निर्णय किया जाता है।

सम्वत 2080 वर्ष 2023-24 का राशिफल एवं उपाय-

➡️मेष राशिफल सम्वत 2080 वर्ष 2023-24

मेष राशि के जातक दुबले और शक्तिशाली शरीर वाले होते हैं, मध्यम रचनाः न बहुत लंबे और न ही मोटे, व्यापक चेहरा और गर्दन और गेहुंआ रंग पाते हैं। शारारिक संरचना मजबूत होती है |मेष राशि का स्वामी मंगल होता है। मंगल ग्रह जीवन में पराक्रम और उत्साह का कारक होता है। मेष राशि में जन्म लेने वाला जातक सुंदर, आकर्षक और कलात्मक होता है। आप सामान्यत: ऊर्जा और अति उत्साह से भरे रहते हैं, आप स्वभाव से अच्छे हैं और आप अधिकतर आत्मकेंद्रित रहते हैं। कार्यों को योजनापूर्वक करने की योग्यता रखते हैं।

मेष राशि वालों के लिए कैरियर

इस वर्ष मेष राशि के जातकों को कैरियर के मामले में बेहतरीन परिणाम मिलेंगे। दरअसल, दशम भाव के स्वामी शनि जनवरी माह में कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे जोकि कॅरियर के मामले में कुछ नई उपलब्धियां और आमदनी में बढ़ोतरी का संकेत करते हैं। इधर अच्छे प्रमोशन के साथ आपको अच्छी सैलरी मिलेगी और आपको अपने खुद के कार्य पर गर्व ही होगा।
खास बात यह है कि नए क्षेत्रों में निवेश करने से आपको इस वर्ष लाभ हो सकता है, और व्यवसाय के संबंध में नए विचारों में आपकी रुचि हो सकती है। राहु और केतु का गोचर कार्यक्षेत्र में होने वाली धोखाधड़ी और परेशानियों से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। नौकरी में पदोन्नति के योग की प्रबल संभावनाएं इस वर्ष बनने और कार्य में सक्रियता और महत्वपूर्ण निर्णय लेने का सबसे शुभ समय अप्रैल के बाद होगा,जब देवगुरू बृहस्पति आपकी राशि पर गोचर करेंगे जबकि वहीं नवंबर और दिसंबर का महीना आपकी ऊर्जा को धीमा कर सकता है।

परिवार और रिश्ते
इस वर्ष राहु और केतु का गोचर आपके प्रथम और सप्तम भाव में होने से आपके परिवारिक जीवन में कुछ परेशानी आ सकती हैं जीवन साथी के साथ कुछ मतभेद हो सकते हैं आपसी विश्वास में कुछ गलतफहमी अभी उत्पन्न हो सकती हैं यह स्थिति वर्ष के शुरुआत से लेकर अप्रैल तक रहेगी अप्रैल में देव गुरु बृहस्पति जैसे ही आपकी राशि में प्रवेश करेंगे इस स्थिति में आशा जनक सुधार भी देखने को मिलेगा | अप्रैल के महीने में देव गुरु बृहस्पति राशि परिवर्तन करके आपकी राशि में प्रवेश करेंगे। संतान संबंधित घर में कुछ शुभ कार्य भी हो सकते हैं जो आपको खुश रख सकते हैं। अप्रैल से लेकर अगस्त तक की अवधि परिवारिक दृष्टिकोण से बेहतर रहने की संभावना है सितंबर से लेकर नवंबर के मध्य के बीच आपको पिता की सेहत को लेकर सावधानी बरतनी पड़ेगी विवाहित जीवन में तनाव की स्थिति बन सकती हैं इसलिए आपसी तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता इस वर्ष भर बनी रहेगी।

स्वास्थ्य
स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से वर्ष की शुरुआत अच्छी नहीं रहेगी ।मानसिक रूप से आप परेशान रहेंगे लेकिन अप्रैल के बाद देवगुरू बृहस्पति का गोचर आपको स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से राहत दिलायेगा, आपको अपने सामान्य स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्वस्थ भोजन, योग, ध्यान और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी जाती है। आपकी सकारात्मक सोच वर्ष के अंत तक  बिना किसी लम्बी बीमारी के सुखी और खुशहाल जीवन जीने में सफल होंगे और खुश और मानसिक रूप से शांत रहने की संभावना भी काफी प्रबल है।

आर्थिक स्थिति
आर्थिक दृष्टि से अप्रैल के बाद का समय शुभ परिणाम देगा,इस समय अवधि में आप आर्थिक जीवन में कोई अच्छा बदलाव होने की उम्मीद कर सकते हैं या फिर इस दौरान आपको किसी तरीके का आर्थिक लाभ भी हो सकता है लेकिन वर्ष की शुरुआत से ही राहु आपकी राशि में होंगे या समय आपके लिए संभल कर चलने का रहेगा कोई भी व्यापार या व्यवसाय साझेदारी में करने से पहले आपको अच्छी तरीके से विचार कर लेना चाहिए।

परीक्षा -प्रतियोगिता
विद्यार्थियों के लिए वर्ष की शुरुआत में आपको थोड़ा ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है साल की शुरुआत में मिले-जुले परिणाम मिलेंगे क्योंकि ग्रहों और नक्षत्रों की चाल के अनुसार मेष जातकों का शैक्षणिक जीवन वर्ष की शुरुआत से यानी जनवरी से मार्च तक मिश्रित परिणाम देगा, और फिर जुलाई से नवंबर तक छात्रों को जीवन में फलदायी परिणाम प्राप्त होंगे।उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने की सलाह इस वर्ष दी जाती है।

उपाय
इस वर्ष प्रत्येक मंगलवार को हनुमान जी का व्रत रखें। यदि व्रत रखना संभव न हो सके तो हनुमान जी की पूजा अवश्य करें। इस दौरान हनुमान चालीसा या बजरंग बाण का पाठ अवश्य करें।

➡️वृषभ राशिफल सम्वत 2080 वर्ष 2023-24
    बृहस्पति अप्रैल तक आपके ग्यारहवें भाव में रहेंगे जिसके फलस्वरूप आप अपने कार्यस्थल में बहुत लाभ कमा सकते हैं।
वृषभ राशिफल
वृषभ राशि वालों का व्यक्तित्व बहुत आर्कषक होता है। इनके व्यक्तित्व से लोग प्रभावित भी रहते हैं। वृषभ राशि के लोगों का शरीर हष्ट-पुष्ट होता है, जिसके कारण ये दिखने में सुंदर लगते हैं। वृषभ राशिवालों का स्वामी शुक्र है, इसलिए इनका मन रचनात्मक और कलात्मक कामों में अधिक लगता है। अपने साथ-साथ ये दूसरों के कला का भी बहुत सम्मान करते हैं। इस राशि के लोग बहुत स्वभिमानी प्रकृति के होते हैं। आपका स्वाभिमान आपके व्यक्तित्व से जुड़ा है। स्वाभिमान की स्वच्छंदता और शीतलता आपकी नजर में साफ देखी जा सकती है। आपके व्यक्तित्व में एक ठहराव है जो लोगों में आपके प्रति विश्वास पैदा करता है।

वृषभ राशि का कैरियर
     वृषभ राशि के लिए करियर के दृष्टिकोण से आने वाला वर्ष काफी अच्छा रहने की उम्मीद है क्योंकि इस वर्ष के शुरूआत में शनि आपकी राशि के दशम में रहने वाले हैं , जिसके चलते आपके कार्य मेहनत का पूरा फल मिलेगा, यह वर्ष वृषभ राशि के जातकों के लिए एक अच्छा वर्ष होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि बृहस्पति अप्रैल तक आपके ग्यारहवें भाव में रहेंगे जिसके फलस्वरूप आप अपने कार्यस्थल में बहुत लाभ कमा सकते हैं। इसके अलावा यदि आप व्यवसाय के क्षेत्र से संबंधित हैं तो भी आप बेहतर लाभ कमाएंगे। वर्ष के पहले भाग में आपके तृतीय भाव पर गुरु की दृष्टि होने के कारण पराक्रम का पूरा लाभ मिलने की प्रबल संभव बनती नजर आ रही है।आपकी मेहनत रंग लाएगी इस दौरान करियर में आपको कोई बड़ी उपलब्धि हासिल हो सकती है, अप्रैल के बाद बृहस्पति और राहु का संयुक्त गोचर विदेश से कोई लाभ मिलने का संकेत करता है, व्यावसायिक दृष्टिकोण से या वर्ष काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। शनि भगवान इस वर्ष कार्य और व्यापार में आपके लिए काफी मददगार साबित होने वाले इस व्यावसायिक दृष्टिकोण से व्यापारियों के लिए अच्छा रहने वाला है |

परिवार
परिवारिक दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल रहने वाला वर्ष रहेगा क्योंकि साल की शुरुआत में ही आपके परिवारिक जीवन में तनाव रह सकता है यह तनाव विशेष तौर तक अप्रैल तक रहेगा ,अप्रैल के महीने में गुरु के गोचर और चतुर्थ भाव में गुरु की दृष्टि से घर में शांति का माहौल स्थापित होगा। लेकिन अनावश्यक खर्चे आपको परेशान करते रहेंगे। आपको अपनी संतान की ओर से कुछ चिंता हो सकती है। कुल मिलाकर पारिवारिक जीवन इस वर्ष मिलाजुला फल देगा।

स्वास्थ्य
वर्ष की शुरुआत स्वास्थ्य की दृष्टि से सही रहेगा।अप्रैल से मई की अवधि में स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहना चाहिए यदि लंबे समय से किसी बीमारी से ग्रस्त हैं तो डॉक्टर से इस बारे में जरूर सलाह लेनी चाहिए ,मई के बाद का समय सेहत के दृष्टिकोण से आपके लिए अच्छा रहेगा। आपको दैनिक व्यवस्था विकसित करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि शनि की अष्टम भाव पर दृष्टि आपको अचानक कोई परेशानी दे सकती है, लेकिन आपको अनुशासित रहकर इस समस्या का भी हल निकालना पड़ेगा।

आर्थिक स्थिति
आर्थिक दृष्टिकोण से वर्ष के शुरूआत अच्छी रहेगी। शनि लाभ भाव में अपनी मूलत्रिकोण राशि में आपको धन आगमन की नयी संभावनाएं बनाएंगे, लेकिन व्यापारी वर्ग इस समय बड़े निवेश से बचें कोई नया बिजनेस शुरू करना ठीक नहीं रहेगा लेकिन अप्रैल मध्य से आर्थिक स्थिति में सुधार के योग हैं ,इस दौरान बृहस्पति के शुभ प्रभाव से आपको कुछ राहत जरूर मिलेगी और अचानक से आपको विदेश से धन लाभ की स्थिति बनेगी।

परीक्षा-प्रतियोगिता
वर्ष की शुरुआत से शनि की सातवीं दृष्टि आपके पंचम भाव पर रहेगी, इस समय आप अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें अप्रैल के पश्चात देवगुरू बृहस्पति का गोचर आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा किसी विदेशी संस्थान में दाखिला मिल सकता है उच्च शिक्षा लेने के लिए सोच रहे हैं तो आपका यह सपना इस वर्ष जरूर पूरा हो जाएगा।

उपाय
इस वर्ष प्रत्येक शुक्रवार के दिन छोटी कन्याओं को सफेद रंग की मिठाई, चावल की खीर, या फिर बताशे प्रसाद के रूप में बांटें।
साल 2023 में व्यवसाय के क्षेत्र से जुड़े जातक इस वर्ष बड़े लाभ की उम्मीद कर सकते हैं।

➡️मिथुन राशि राशिफल सम्वत 2080 वर्ष 2023-24
     मिथुन राशि के लोगों का स्वभाव हमेशा हर्षित रहना और दूसरों को प्रफुल्लित करने वाला होता है। साथ ही आपके पास विचार-मंथन और दूसरों से जल्दी घुलने-मिलने की कला होती है।झ आप मोहक व्यक्तित्व वाले, सुंदर, सक्रिय, विचारशील और साहसी हैं। आपके पास एक अच्छी याददाश्त और कुछ नया सीखने की मजबूत इच्छाशक्ति होती है। आप एक कुशल वार्ताकार हैं, और आपके आलोचक अक्सर आपके दावों से भ्रमित होते हैं। आपके वास्तविक इरादे हमेशा दूसरों के लिए एक रहस्य होते हैं, और आप कई बार खुद को शिखर पर पहुंचा सकते हैं।

करियर राशिफल
इस साल आपको कैरियर के क्षेत्र में कई अवसर मिल सकते हैं। करियर में आपको अच्छे परिणाम मिलेगे जनवरी से शनि का गोचर आपके नवम भाव पर होगा इससे भाग्य का साथ मिलेगा साथ ही पुरानी समस्या जो पहले से बनी हुई थी, वह दूर होगी आपके करियर में कई तरह के नए अवसर मिलेंगे जून महीने से लेकर नवम्बर तक सावधानी रखें। आपके अधिकारी के साथ संबंध खराब हो सकते हैं। आपके ऊपर काम का दबाव ज्यादा बना रहेगा।
व्यवसाय के क्षेत्र से जुड़े जातक इस वर्ष बड़े लाभ की उम्मीद कर सकते हैं। राहु एकादश भाव में नए लाभ की योजना दे सकते हैं यदि मिथुन राशि के जातक किसी नई व्यावसायिक परियोजनाओं को लेने की योजना बना रहे हैं, तो आपको सलाह दी जाती है कि आप वर्ष के पहलेभाग में इस परियोजना पर काम करें।

परिवार
यह वर्ष आपके पारिवारिक जीवन बहुत बढ़िया रहेगा। काफी सुखद और खुशहाल रहेंगे। आपका परिवार में मान सम्मान बना रहेगा। रिश्तों में मिठास रहेगी साथ ही माता-पिता की सेहत अच्छी रहने से परिवार का वातावरण भी खुशनुमा रहेगा। आप माता-पिता को कोई धार्मिक यात्रा करवा सकते हैं। संतान की उच्चस्तरीय शिक्षा में दाखिला हो सकता है। परिवार में किसी शुभ और मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन भी इस वर्ष संभव है।

स्वास्थ्य
17 जनवरी को शनि आपके आठवें घर को छोड़कर आपके नवम भाव में प्रवेश कर चुका है, जिससे आपका भाग्य मजबूत होगा और ढैय्या का अंत होगा। इस बदलाव से आपके रास्ते की बाधाएं दूर होंगी, और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। राहु और केतु का गोचर उदर संबधी परेशानी दे सकता हैं अत नियमित रूप से चिकित्सक की सलाह लें साथ में योग व्यायाम और ध्यान भी करते रहें।

आर्थिक स्थिति
वर्ष की शुरुआत में शनि देव आपके भाग्य स्थान में गोचर करेंगे इससे आपको धन लाभ होगा इस स्थिति में आपको अत्यधिक चिंतन को छोड़कर कार्य पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत होगी आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा । यह वर्ष मिथुन राशि के जातकों को मनचाहा फल देगा। राहु केतु आपको आपके आमदनी के स्रोत बढ़ाने का योग बना रहे हैं, लेकिन देवगुरू बृहस्पति आपके दशम भाव में सोच-समझ कर निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दे रहे हैं । कुल मिलाकर वर्ष भर आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी।

परीक्षा -प्रतियोगिता
इस वर्ष छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त होंगे उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों के लिए भी अप्रैल के बाद का समय विशेष अच्छा रहेगा। वर्ष के आरंभ में राहू- केतु आपका ध्यान भटकाने का कार्य करेगे, इस दौरान जो विद्यार्थी विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना देख रहे हैं उनके लिए यह वर्ष विशेष फलदाई साबित होगा। दृढ़ता और कड़ी मेहनत आपको वांछित परिणाम प्रदान करेगी। नवम भाव के शनि पग पग पर आपके लिए सहायक होंगे, उच्च शिक्षा के इच्छुक छात्रों को प्रतिष्ठित कॉलेजों और संस्थानों में नौकरी मिलने की संभावना है।

उपाय
इस वर्ष भगवान गणपति की उपासना आपके लिए बहुत फलदायक रहेगी, गौशाला में हरे चारे का दान करना लाभकारी रहेगा।

➡️कर्क राशिफल सम्वत 2080 वर्ष 2023-24
    अप्रैल के बाद जैसे ही देव गुरु बृहस्पति का प्रवेश मेष राशि पर होगा। कार्य से संबंधित कुछ सावधानियों का समय शुरू हो जाएगा।

कर्क राशिफल
कर्क राशि के जातक स्वभाव से दृढ़-निश्चय वाले होते हैं। यह लोग बहुत भावकु और कल्पनाशील होते हैं। इनके अंदर भाषा और संवाद कौशल के खास गुण होता है। इनका दिमाग बहुत तेज चलता है लेकिन यह लोग स्वभाव से काफी चंचल होते हैं। कुछ मामलों में इनमें आध्यात्मिक गुण भी होते हैं। इनकी यादाश्त काफी तेज होती है। यह स्वभाव से बेहद सरल, संवेदनशील और दयालु होते हैं।

करियर
करियर कार्य के हिसाब से यह वर्ष कुछ बेहतरीन होने वाला है। देव गुरु बृहस्पति भाग्य भाव में अप्रैल तक आपके हर कार्य में सहायक होते नजर आ रहे हैं । 17 जनवरी से शनि का गोचर आपकी राशि से अष्टम भाव पर है। एक तरफ शनि की ढैया की शुरुआत तो दूसरी तरफ कुछ नई संभावनाएं भी शनि के अष्टम गोचर से आपको मिलेंगी। राहु और केतु का गोचर पहले से ही कुछ परिवर्तन की संभावनाएं दे रहा है। अप्रैल के बाद जैसे ही देव गुरु बृहस्पति का प्रवेश मेष राशि पर होगा। कार्य से संबंधित कुछ सावधानियों का समय शुरू हो जाएगा। शनि के अष्टम भैया भी यह संकेत करती है कि जल्दबाजी में कोई निर्णय न लिया जाए। नौकरीपेशा लोग अगर स्थानांतरण के प्रतीक्षा कर रहे हैं तो शनि का गोचर उनके लिए लाभदायक साबित होगा। मनपसंद जगह पर स्थानांतरण हो सकता है लेकिन नौकरी में कड़ी मेहनत से ही अच्छे परिणाम मिलेंगे या भी संकेत मिलता है।

परिवार
राहु और केतु पिछले कुछ समय से आपके परिवारिक जीवन में कुछ उथल पुथल का वातावरण बना कर रखे हुए हैं। अप्रैल के बाद जैसे ही देव गुरु बृहस्पति का गोचर मेष राशि में पहुंचेगा परिवारिक जीवन में चली आ रही परेशानियां समाप्त होना शुरू हो जाएंगी। शनि का अष्टम भाव में गोचर जो कि जनवरी से ही प्रारंभ हो जाएगा परिवारिक मामलों में कुछ नई समस्याओं का संकेत करता है। कुछ पैतृक जो विवाद चल रहे हैं उनको सुलझाने का कार्य करने की सलाह दी जाती है और सारे ही मामले अगर शांति से निपटाए जाएंगे तो जल्द सफलता मिलेगी।

स्वास्थ्य
इस वर्ष स्वास्थ्य के मामले में आपको कुछ विशेष ध्यान देने की जरूरत रहेगी। 17 जनवरी से शुरू हो गई है शनि की ढैया कुछ मानसिक तनाव देगी। शनि की द्वितीय भाव पर दृष्टि कुछ कुटुंब के मामलों में विवाद के कारण आपका स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। अष्टम भाव में शनि का गोचर वैसे तो बहुत निराशाजनक नहीं है लेकिन कुछ अचानक से होने वाली बीमारियां आपको परेशान कर सकती हैं। आपके छठे भाव के स्वामी बृहस्पति इस वर्ष अप्रैल तक मीन में उसके पश्चात मेष राशि में रहेंगे इसका अर्थ है कि छठे भाव पर अप्रैल के बाद देवगुरु बृहस्पति की दृष्टि स्वास्थ्य के लिहाज से किसी बड़ी समस्या के ना बनने का संकेत करती है फिर भी कुछ सावधानियां रखनी चाहिए। योग व्यायाम नियमित रूप से करना चाहिए।

आर्थिक स्थिति
आर्थिक दृष्टिकोण से यह वर्ष अच्छा रहेगा। अष्टम भाव में शनि कुछ अचानक से होने वाले धन लाभ की तरफ संकेत कर रहे हैं, वहीं कुछ पारिवारिक संपत्ति के मामले इस वर्ष निपट सकते हैं। देवगुरु बृहस्पति का गोचर नवम और दशम भाव में रहेगा इससे भाग्य के प्रभाव से भी यह वर्ष आर्थिक मामलों में अच्छा जाएगा। अगर कोई प्रॉपर्टी में निवेश करना चाहते हैं या मकान लेना चाहते हैं तो यह वर्ष आपके लिए अच्छा रहेगा।

परीक्षा-प्रतियोगिता
कर्क राशि के छात्रों के लिए वर्ष की शुरुआत अच्छी रहेगी पंचम भाव पर देव गुरु बृहस्पति की दृष्टि कुछ अच्छी संभावनाओं का संकेत करती है। चौथे भाव में चल रहे राहु आपको कुछ मानसिक रूप से परेशान कर सकते हैं साथ ही शनि की ढैया वर्ष के प्रारंभ में ही शुरू हो जाएगी इसलिए एकाग्रता और अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होगी जो छात्र विदेश में दाखिले के लिए प्रतीक्षा कर रहे थे उनका सपना इस वर्ष पूरा हो सकता है।

उपाय
भगवान शिव को अक्षत अर्पित करें और शिवलिंग का अभिषेक करें। मंगलवार के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और हनुमान जी के मंदिर में जाकर दर्शन करें।

➡️सिंह राशिफल सम्वत 2080 वर्ष 2023-24
   जीवनसाथी के साथ राशि से सातवें में भाव पर शनि वैसे परिस्थितियों को बेहतर रखेंगे
सिंह राशिफल 2023
सिंह राशि के व्यक्तियों के व्यक्तित्व बहुत शानदार होता है। इनका व्यक्तित्व इनकी राशि के प्रतीक चिंह शेर के समान होता है। आपके राशि स्वामी सूर्य है। सिंह राशि के लोगों के स्वभाव में नेतृत्व का गुण जन्मजात होता है। यह लोग निडर, साहसी और दृढ़-निश्चयी होते हैं । यह लोग एक राजा की तरह जिंदगी जीने में यकीन रखते हैं। इनका व्यक्तित्व बेहद जोशीला और आकर्षक होता है। यह लोग बेझिझक अपनी बात सबके सामने रखते हैं और अपने फैसलों पर अड़े रहते हैं। इनके अनोखे अंदाज की वजह से लोग इनके प्रति बहुत जल्दी आकर्षित हो जाते हैं। यह लोग सच्चे दोस्त साबित होते हैं। स्वभाव से यह लोग बहुत ईमानदार होते हैं।

करियर
यह वर्ष करियर के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहेगा दशम भाव से दशम भाव पर स्थित राशि स्वामी शनि जो कि 17  जनवरी से आपकी सातवें भाव पर गोचर कर गया है व्यापारिक व्यवस्थाओं के लिए नई योजनाओं को साकार करने में आपकी बहुत मदद करेंगे। अप्रैल के बाद देव गुरु बृहस्पति का गोचर मेष राशि यानी आपके भाग्य भाव में होगा। देवगुरु बृहस्पति आपके व्यापार और नौकरी में कुछ नई उपलब्धियों को मिलने का संकेत करते हैं। इस साल आप किसी के साथ साझेदारी में कोई नया व्यापार शुरू कर सकते हैं। इस साल आपके गुप्त शत्रु आपके सामने पूरी तरह से परास्त होंगे। सिंह राशि के जो जातक नौकरी में है उनको अपनी नौकरी में भरपूर मान-सम्मान मिलेगा।

परिवार
सिंह जातकों के परिवार में इस वर्ष सामंजस्य बना रहेगा तो कभी-कभी परिवार में दिक्कतों का सामना भी करना पड़ सकता है। जीवनसाथी के साथ राशि से सातवें में भाव पर शनि वैसे परिस्थितियों को बेहतर रखेंगे लेकिन कभी-कभी सामंजस्य बनाए रखने की जरूरत होगी। अप्रैल तक अष्टम भाव में शनि परिवारिक जीवन को बेहतर बना रहे हैं। अप्रैल के बाद बृहस्पति योगकारक होंगे संतान भाव पर उनकी दृष्टि संतान की इच्छा रखने वाले दंपतियों के लिए सहायक सिद्ध होगी।

स्वास्थ्य
इस वर्ष सिंह राशि के जातकों को स्वास्थ्य संबंधी  परेशानियां कम रहेंगी छठे भाव के स्वामी शनि अपनी मूल त्रिकोण राशि कुंभ में गोचर करेंगे। शनि का यह गोचर स्वास्थ्य संबंधित परेशानियों की समाप्ति का संकेत देता है अष्टम भाव में स्वराशि के बृहस्पति किसी पुरानी स्वास्थ्य की समस्या से छुटकारा मिलने का संकेत करते हैं।  लेकिन अप्रैल के बाद कुछ सावधानियां आपको रखनी चाहिए जिससे की पुरानी कोई बीमारी फिर से आपको परेशान ना कर सके।

आर्थिक स्थिति
आर्थिक मामलों में यह वर्ष बेहतर रहने वाला है कुछ आकस्मिक लाभ की संभावनाएं इस वर्ष बनेंगी। अष्टम भाव पर अप्रैल तक विराजित देव गुरु बृहस्पति और उसके पश्चात नवम भाव में बृहस्पति और राहु का गोचर कुछ आकस्मिक धन लाभ का संकेत मिलने की संभावना का संकेत करता है। आपके लाभ भाव और द्वितीय भाव के स्वामी बुध इस वर्ष आपके लाभ और खर्चे में संतुलन बनाकर रखने वाले हैं। किसी ऐसी जगह पर निवेश कर सकते हैं जिसमें भविष्य में आपको कुछ बड़ा लाभ हो सके।

परीक्षा-प्रतियोगिता

शिक्षा के क्षेत्र में जो जातक उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे हैं वह अप्रैल तक अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित क कर पाएंगे। अप्रैल के पश्चात जब देव गुरु बृहस्पति की दृष्टि उनके पंचम भाव पर होगी तब वह अपने पढ़ाई पर विशेष ध्यान दे पाएंगे। जो जातक उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना चाहते हैं उनके लिए यह वर्ष वरदान साबित हो सकता है।
उपाय

सिंह राशि वाले सूर्य को मजबूत बनाने के लिए नित्य सूर्य देव को जल चढ़ाएं। रविवार के दिन सूर्य देव की विशेष पूजा करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें और गुड़ आदि का दान करें। निर्धन व्यक्तिओं की मदद करें। पिता की सेवा करें। ऐसा करने से सूर्य शुभ होते हैं।