अल्मोड़ा: सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, आंदोलन तेज करने की रणनीति की गई तय

लंबित बिलों के भुगतान की मांग को लेकर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। सोमवार को आठवें दिन भी सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहे। नंदादेवी मंदिर परिसर में बैठक आयोजित कर आंदोलन तेज करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

शासन-प्रशासन लगातार सस्ता गल्ला विक्रेताओं की उपेक्षा कर रहा

   बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शासन-प्रशासन लगातार सस्ता गल्ला विक्रेताओं की उपेक्षा कर रहा है। कोविड काल में पूरे मनोयोग से विक्रेताओं ने नि:शुल्क सरकारी राशन योजना को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का काम किया। लेकिन शासन-प्रशासन ने निशुल्क राशन वितरण के बिलों का उन्हें अभी तक भुगतान नहीं किया है। लंबे समय से बिलों का भुगतान नहीं होने से विक्रेताओं के समक्ष आर्थिक संकट पैदा हो गया है। कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आहृान पर विक्रेता बीते एक मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। लेकिन अभी तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो सकी है। जिससे विक्रेताओं में शासन-प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। मांगें पूरी नहीं होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी।

बैठक में उपस्थित रहे

बैठक में जिलाध्यक्ष संजय साह रिक्खू, दिनेश गोयल, मनोज वर्मा, केसर सिंह, अभय साह, पान सिंह, नारायण सिंह बिष्ट, आनंद सिंह कनवाल, प्रकाश चंद्र भट्ट, बलवंत सिंह बोरा, संदीप, दीपक साह, बिशन सिंह समेत कई विक्रेता मौजूद रहे।