जून का महीना है। आज 13 जून 2026 को मासिक शिवरात्रि है। साल में पड़ने वाली महाशिवरात्रि की तरह हर माह में आने वाली मासिक शिवरात्रि का भी विशेष महत्व होता है। धर्म ग्रंथों के अनुसार, फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को भगवान शिव ज्योतिर्लिंग रूप में प्रकट हुए थे। इसलिए हर महीने की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की जाती है। मासिक शिवरात्रि का व्रत कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को रखा जाता है। इस बार मासिक शिवरात्रि अधिक मास के दौरान पड़ेगी, इसलिए इसका महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है।
जानें शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ अधिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि का शुभारंभ 13 जून 2026 को शाम 4 बजकर 7 मिनट पर होगा। वहीं, इस तिथि का समापन 14 जून को दोपहर 12 बजकर 19 मिनट पर होगा। ऐसे में निशिता काल को देखते हुए मासिक शिवरात्रि का व्रत 13 जून को रखा जाएगा।
पूजा का शुभ मुहूर्त
मासिक शिवरात्रि की पूजा निशिता काल में करना बेहद शुभ होता है। ऐसे में निशिता काल रात 12:00 बजे से 12:45 बजे तक रहेगा। इस अवधि में सभी शिव भक्त भोलेनाथ की पूजा कर सकते हैं।
जानें पूजन विधि
आज मासिक शिवरात्रि के दिन सुबह स्नान करें। उसके बाद सफेद वस्त्र धारण करके शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और ‘ऊं नम: शिवाय’ का जाप करें। शिव पुराण में, मासिक शिवरात्रि में चारों पहर में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने का विधान है। सुबह गंगाजल से, दोपहर में दूध से, शाम को दही और रात में शहद और गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। इस दिन व्रत करने वालों को शिव पुराण या शिवाष्टक का पाठ अवश्य करे। पूजा का समापन शिव आरती के साथ करें।