अल्मोड़ा: पार्किंग व्यवस्था और सफाई का निरीक्षण, डीएम अंशुल सिंह और मेयर अजय वर्मा ने किया नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण, खाली स्थानों के सदुपयोग के निर्देश

​
अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मेयर अजय वर्मा के साथ अल्मोड़ा नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण

इस दौरान उन्होंने नगर के पार्किंग स्थलों का पुनः निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और खाली पड़े स्थानों के सदुपयोग को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में पूर्व में पाई गई गंदगी और खाली पड़ी जगहों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन खाली स्थानों का सकारात्मक कार्यों में उपयोग करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही, सफाई संबंधी पूर्व निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा गया ताकि स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों को असुविधा न हो।

​किया मंथन

जिलाधिकारी ने मेयर अजय वर्मा और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के साथ थपलिया क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में एक नया अतिरिक्त पार्किंग स्थल और ऑडिटोरियम के निर्माण की संभावनाओं को लेकर विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया और उपयुक्तता पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि अल्मोड़ा नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। यातायात और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए स्थलों को चिह्नित करने की प्रक्रिया निरंतर जारी है ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुसार बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें।
​
रहें मौजूद

इस अवसर पर पार्षद कैलाश गुरुरानी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।