उत्तरकाशी: केदारताल ट्रैक हादसा, दो और ट्रेकर्स के शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 6, खराब मौसम से रेस्क्यू प्रभावित

​उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित केदारताल ट्रैक पर हुए दुखद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। आज गुरुवार को राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (NIM) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के संयुक्त खोज व बचाव अभियान के दौरान दो और लापता ट्रेकर्स के शव बरामद किए गए।
​

दो शव बरामद

जानकारी के अनुसार जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, ट्रैक पर कुल आठ ट्रेकर्स लापता हो गए थे, जिनकी तलाश में पिछले कुछ दिनों से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं बुधवार तक रेस्क्यू टीमों ने चार शव बरामद कर लिए थे, जिनमें लखनऊ निवासी दो सगी बहनें—दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा—भी शामिल थीं। गुरुवार को दो और शव मिलने के बाद अब तक कुल छह ट्रेकर्स की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है।

​एयर टर्बुलेंस बनी रेस्क्यू में बाधा

बरामद किए गए शवों को नीचे लाने के प्रयास गुरुवार को भारी एयर टर्बुलेंस (हवा के दबाव व गति में उतार-चढ़ाव) के कारण बाधित रहे। हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते शवों को मौके से मातली हेलीपैड नहीं लाया जा सका।
​जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया, “गुरुवार को रेस्क्यू टीमों ने दो और शव खोज निकाले हैं। हालांकि, ऊपरी इलाकों में तेज एयर टर्बुलेंस के कारण हेलीकॉप्टर से शवों को एयरलिफ्ट करना संभव नहीं हो सका। अब शुक्रवार सुबह मौसम अनुकूल रहने पर दोनों शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से नीचे मातली लाने का प्रयास किया जाएगा।”

​दो अब भी लापता

हादसे का शिकार हुए आठ सदस्यीय दल में से अभी भी दो ट्रेकर्स लापता हैं। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल शेष दो ट्रेकर्स की खोज के लिए लगातार प्रयासरत हैं।