उत्तराखंड: यहां चल रहा अनोखा क्रिकेट का रोमांच, बेटियों ने दरांती की जगह हाथों में थामा बल्ला, चौकों-छक्कों की लगा रहीं बौछार

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के बीरोंखाल प्रखंड के पंचराड़ स्थित शिवशक्ति मैदान में इन दिनों क्रिकेट का रोमांच चल रहा है। यहां मैदान में महिलाएं क्रिकेट के मैदान में अपना हुनर दिखा रही है।

मैदान में हुनर दिखा रही महिलाएं

हम बात कर रहे हैं पौड़ी जिले के बीरोंखाल की। यहां मैदान में सालों तक खेतों में कुदाल चलाने वाली और जंगलों में दरांती से घास काटने वाली महिलाएं‌ क्रिकेट बैट संभाल रहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह क्रिकेट टूर्नामेंट 21 दिसंबर से शुरू हुआ। इस अनोखे क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं।‌ यह खिलाड़ी किसी प्रोफेशनल स्पोर्ट्स किट या जर्सी में नहीं, बल्कि अपनी रोजाना की सामान्य वेशभूषा में ही मैदान पर दनादन चौके-छक्के जड़ रही हैं। इस टूर्नामेंट में लगभग 40 गांवों की महिलाओं की भागीदारी है। प्रतियोगिता का आयोजन पिछले तीन वर्षों से कुंजवनेश्वर क्रीड़ा समिति पंचराड़ की ओर से किया जा रहा है। प्रत्येक मैच में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ को भी सम्मानित किया जा रहा है। अब फाइनल मुकाबला नानस्यूं और थायला टीम के बीच खेला जाएगा।

मिलेगा यह शानदार इनाम

इस क्रिकेट टूर्नामेंट में आयोजकों ने खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए शानदार पुरस्कार भी रखे हैं। विजेता टीम को 12,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। वहीं, उपविजेता टीम को 6,000 रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। जबकि मैन ऑफ द मैच रहने वाली खिलाड़ी को हर मैच में ₹500 से ₹1000 तक का नकद पुरस्कार मिलेगा।