अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में 12 अप्रैल को रक्षा सेवा की बड़ी परीक्षा, डीएम ने परखीं तैयारियां, परीक्षा कार्य में लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई

अल्मोड़ा। जनपद में आगामी 12 अप्रैल, 2026 को आयोजित होने वाली संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी (NDA/NA) परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।
11 केंद्रों पर होगी परीक्षा

​जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद अल्मोड़ा में इस प्रतिष्ठित परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अधिकारियों को कड़ी चेतावनी

​बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता के साथ करें। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

रहे मौजूद

​इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी (सदर) संजय कुमार सहित शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन के विभिन्न संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।