उत्तराखंड: नेपाल के पोखरा में यूथ गेम इंडो-नेपाल इंटरनेशनल सीरीज 2026 आयोजित हुई। जिसमें देहरादून की छात्राओं ने तिरंगा फहराते हुए शानदार सफलता हासिल की है।
खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें देहरादून की ‘पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कालेज’, राजपुर रोड की छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण और रजत पदक जीते हैं। प्रतियोगिता के अंडर-17 कबड्डी फाइनल में भारत और मेजबान नेपाल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जिसमें कप्तान वैष्णवी के नेतृत्व में भारतीय टीम ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 21-18 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जिसमें उप कप्तान आरुषी तोमर, आराधना, आस्था, चांदनी, अंशिका, दिव्यांशी और योगिता ऐरी ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
• दिव्यांशी: अंडर-14 श्रेणी की 100 मीटर रेस में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।
• प्रिया: 200 मीटर रेस में अपनी रफ्तार का जादू बिखेरा और गोल्ड मेडल हासिल किया।
• दीपांजलि यादव: बैडमिंटन के अंडर-17 वर्ग में कड़ी चुनौती पेश करते हुए रजत पदक जीता। फाइनल में उन्हें नेपाल की खिलाड़ी रुई से 21-16, 21-19 के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
दी शुभकामनाएं
छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और कैबिनेट मंत्री खजान दास ने वीडियो कॉल के जरिए टीम से बात की और उनका उत्साहवर्धन किया।