अल्मोड़ा: 25 अप्रैल से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण, घर बैठे ‘स्व-गणना’ की भी सुविधा

अल्मोड़ा: भारत की आगामी जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम अल्मोड़ा ने आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर उत्तराखंड राज्य में होने वाली जनगणना के विभिन्न चरणों और इस बार शुरू की जा रही नई डिजिटल सुविधाओं की विस्तृत जानकारी साझा की है।

दो चरणों में संपन्न होगी जनगणना

​नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जनगणना दो मुख्य चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण (25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026) में होगा। इस दौरान मकानों का सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। नियुक्त पर्यवेक्षक और प्रगणक घर-घर जाकर यह डेटा एकत्र करेंगे। द्वितीय चरण (09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027) तक होगा। इस चरण में मुख्य जनसंख्या गणना का कार्य संपन्न किया जाएगा।

डिजिटल जनगणना और ‘स्व-गणना’ पर जोर

​इस बार की जनगणना ऐतिहासिक होने वाली है क्योंकि यह पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। प्रगणक मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करेंगे, जबकि निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS Portal) का सहारा लिया जाएगा।
​जनता की सुविधा के लिए ‘स्व-गणना’का विकल्प भी दिया गया है। जो 10 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक होगा। नागरिक स्वयं आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना करने के बाद नागरिकों को एक SE ID प्राप्त होगी, जिसे बाद में आने वाले प्रगणक (Enumerator) को दिखाना होगा।

स्व-गणना कैसे करें?

• ​पोर्टल पर जाकर राज्य/केंद्र शासित प्रदेश का चयन करें।
• ​मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए पंजीकरण करें।
• ​भाषा, जिला, पिन कोड और निवास स्थान की जानकारी भरें।
• ​परिवार का विवरण दर्ज कर सबमिट करें और प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखें।

नगर निगम की अपील

​नगर निगम अल्मोड़ा ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य हेतु आने वाले कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें। साथ ही, अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने का आग्रह किया गया है। कूड़ा वाहनों और सूचना पट्टों के माध्यम से भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।