हल्द्वानी: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के तत्वावधान में सीनियर पुरुष अंतर जिला क्रिकेट लीग आयोजित हुई।
खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
इसके पूल-बी के अंतिम मुकाबले में नैनीताल ने एकतरफा जीत दर्ज की। जानकारी के अनुसार जीएनजी क्रिकेट एरिना मैदान पर खेले गए इस मैच में नैनीताल ने अल्मोड़ा को 10 विकेट के भारी अंतर से हराया और जीत दर्ज की। अल्मोड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। नैनीताल के गेंदबाजों के आगे अल्मोड़ा की पूरी टीम 24वें ओवर में मात्र 115 रनों पर सिमट गई। मनन ने सर्वाधिक 38 और शुभम बच्चस ने 30 रनों का योगदान दिया। नैनीताल के गेंदबाज रवि सिंह मैच के असली हीरो रहे। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए लीग की पहली हैट्रिक सहित कुल 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा पृथ्वी गैड़ा ने 3, आयुष तिलारा ने 2 और आकाश सिंह ने 1 विकेट लिए। 116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नैनीताल की टीम ने विध्वंसक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज पीयूष जोशी ने मात्र 32 गेंदों में 7 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 64 रन कूटे। वहीं, लक्ष्य राय चंदानी ने 34 गेंदों में 48 रनों की तेज पारी खेली। नैनीताल ने महज 11वें ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया।
किया सम्मानित
शानदार हैट्रिक और 4 विकेट लेने वाले रवि सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस अवसर पर अल्मोड़ा क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव हर्ष गोयल, नैनीताल के कोषाध्यक्ष कमल, आनंद बिष्ट, और पूर्व दर्जाधारी सुहैल सिद्दीकी समेत कई खेल प्रेमी और पदाधिकारी मौजूद रहे।