उत्तराखंड: पहाड़ों की वादियों में पंहुची अभिनेत्री सारा अली खान, बर्फबारी के बीच टेंट में बिताई रातें, पहाड़ी व्यंजनों का चखा स्वाद

टिहरी (उत्तराखंड): बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान की पहाड़ों की कुछ तस्वीरें इन दिनों चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने उत्तराखंड के टिहरी जनपद स्थित प्रसिद्ध पंवाली कांठा बुग्याल की ट्रैकिंग की।

पहाड़ी व्यंजनों का उठाया लुत्फ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तीन दिनों की इस यात्रा में सारा ने न केवल प्रकृति के करीब समय बिताया, बल्कि बर्फबारी के बीच एडवेंचर का लुत्फ भी उठाया। स्काई हाइक कंपनी के ट्रैकर कुलदीप रावत के अनुसार, सारा ने घुत्तू क्षेत्र के ग्वाणा गांव से अपने सफर की शुरुआत की। उन्होंने लगभग 18 किलोमीटर लंबा पैदल ट्रैक पूरा किया। सारा ने दोफन नामक स्थान पर बर्फबारी के बीच टेंट में रात बिताई। अगले दिन सारा पंवाली कांठा बुग्याल पहुंचीं, जो ताजी बर्फबारी के कारण सफेद चादर से ढका हुआ था। वहां की खूबसूरती देख अभिनेत्री मंत्रमुग्ध हो गईं। उन्होंने स्थानीय ट्रैकर्स से बात करते हुए कहा कि इस स्थान पर आकर उन्हें बेहद सुकून मिला है और वे भविष्य में दोबारा यहाँ आना चाहेंगी। इस दौरान उन्होंने पहाड़ी व्यंजनों का भी आनंद लिया, जिसमें विशेष रूप से मंडवे (रागी) की रोटी, पहाड़ी दालें, लिंगड़ी (पहाड़ी फर्न) की सब्जी शामिल थी।