बागेश्वर: आज से पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर्यटकों के लिए खुला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बागेश्वर: बागेश्वर में विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक आज 15 अप्रैल से आधिकारिक तौर पर पर्यटकों और ट्रैकर्स के लिए खोल दिया गया है।

यह नियम लागू

जो‌ 15 जून तक खुला रहेगा। ट्रैकिंग पर जाने वाले पर्यटकों के लिए हिचौड़ी और जैकुनी इको-टूरिज्म केंद्रों पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। दुर्गम रास्तों और बदलते मौसम को देखते हुए इन केंद्रों पर वन कर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके। मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए साइन बोर्ड और मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था की गई है। हिमालयी पारिस्थितिकी को बचाने के लिए विभाग ने इस बार ‘कैश रिफंड’ मॉडल पर सख्त नियम लागू किए हैं। जिसमें विदेशी पर्यटकों को 10 हजार रुपये और भारतीय पर्यटकों को 5 हजार रुपये सुरक्षा निधि के तौर पर जमा करने होंगे। ट्रैक पर ले जाने वाले प्रत्येक प्लास्टिक सामान पर 100 रुपये का शुल्क देना होगा। यदि पर्यटक अपना प्लास्टिक कचरा वापस लाकर निर्धारित स्थान पर जमा करते हैं, तो उनकी जमा राशि वापस कर दी जाएगी।