अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में विकास प्राधिकरण से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में विभिन्न पार्किंग एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन से संबंधित कई प्रकरण लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) अल्मोड़ा स्तर पर लंबित हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि परियोजनाओं की प्रगति प्रभावित न हो।बैठक में पनुवानौला , भिकियासैंण एवं भतरौंजखान में प्रस्तावित पार्किंग स्थलों के लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन पार्किंग परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके संचालन हेतु टेंडर प्रक्रिया शीघ्र तैयार की जाए तथा उपयोगकर्ता शुल्क भी निर्धारित किया जाए, ताकि इन सुविधाओं का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके। अपर जिलाधिकारी ने विकास प्राधिकरण के अभियंताओं को “सिंगल थ्रेड ओनरशिप” की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा परियोजनाओं में अपेक्षित गति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
रहें उपस्थित
बैठक में विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंताओं के साथ कार्यदायी संस्था सीएनडीएस (CNDS) के अधिशासी अभियंता तथा लोक निर्माण विभाग रानीखेत के सहायक अभियंता उपस्थित रहे।