सावधान: उत्तराखंड में इतने मई से शुरू होगा SIR, ठगों से बचने के लिए STF ने जारी किया यह अलर्ट

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) कार्यक्रम की तिथियों की घोषणा की है।

साइबर ठगों से सावधान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य में यह प्रक्रिया 29 मई 2026 से शुरू होगी। हालांकि, इस बीच साइबर ठगों की सक्रियता को देखते हुए एसटीएफ (STF) ने प्रदेशवासियों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। जिसमें बताया है कि ठग खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताकर फोन करते हैं और मतदाता सूची से नाम कटने का डर दिखाते हैं। नाम जोड़ने या अपडेट करने के बहाने बैंक विवरण और ओटीपी (OTP) जैसी गोपनीय जानकारी मांगते हैं। तुरंत नाम जोड़ने के नाम पर 500 से 1000 रुपये का शुल्क मांगकर QR कोड भेजते हैं। कई बार ‘नाम चेक करने’ के नाम पर एपीके (APK) फाइल भेजी जाती है, जिसे डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो जाता है और बैंक खाता खाली हो जाता है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन आयोग कभी भी फोन पर इस तरह की जानकारी नहीं मांगता। ऐसे में इन साइबर ठगों से सावधान रहें।

अभियान का पूरा शेड्यूल

• ​29 मई से 7 जून: कर्मचारियों का प्रशिक्षण और प्रपत्रों की छपाई।
• ​8 जून से 7 जुलाई: बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन और नए नाम दर्ज करेंगे।
• ​14 जुलाई: मतदाता सूची के प्रारूप (Draft) का प्रकाशन।
• ​14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय।
• ​15 सितंबर, 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।