अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां शुरू
जिसमें आगामी 18 जून को आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध पर्वतीय संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विवि प्रशासनिक भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।
कुलपति प्रो. बिष्ट ने बताया कि कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद दीक्षांत समारोह की तिथि तय कर दी गई है। समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर सभी को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
पर्वतीय संस्कृति के रंग में रंगेगा समारोह
प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति ने विशेष रूप से रेखांकित किया कि इस दीक्षांत समारोह को स्थानीय पर्वतीय संस्कृति से जोड़ने के विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विवि की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिल सके। आयोजन लोअर मालरोड स्थित विश्वविद्यालय का भव्य स्वामी विवेकानंद सभागार में होगा। इस समारोह में कुलाधिपति, केंद्रीय राज्य मंत्री, क्षेत्रीय विधायक सहित शिक्षा और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। शिक्षा, खेल और समाज सेवा समेत अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली देश-प्रदेश की नामचीन विभूतियों को ‘मानद उपाधि’ से सम्मानित किया जाएगा।
रहें मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट, प्रो. अनिल यादव, लियाकत अली खान, डॉ. ललित जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष लोकेश सुप्याल और रोहित कुल्मटा सहित कई पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।