नैनीताल: धार्मिक स्थल कैंची धाम के स्थापना दिवस ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा अनुशासनहीनता एक मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक ड्यूटी के दौरान शराब पीकर स्थानीय युवती से छेड़छाड़ और परिजनों के साथ मारपीट करने के आरोप में एसएसपी ने दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त एक्शन लिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के साथ-साथ सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
होमस्टे में युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले से कैंची धाम स्थापना दिवस की ड्यूटी पर आए दो पुलिसकर्मी—अपर उपनिरीक्षक (ASI) जगदीश प्रसाद (थाना केलाखेड़ा) और हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार (थाना गदरपुर)—रात्रि ड्यूटी के दौरान एक स्थानीय होमस्टे में रुके हुए थे। आरोप है कि दोनों ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया और नशे की हालत में होमस्टे संचालक के परिवार की एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। जब परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ और एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई और दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल व अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें उनके द्वारा शराब के सेवन की पुष्टि हुई।
मुकदमा दर्ज
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में दोनों नामजद पुलिसकर्मियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया है। इसके साथ ही दोनों के मूल जनपद (ऊधमसिंह नगर) के एसएसपी को भी मामले की विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है।
कानून सबके लिए समान, बर्खास्तगी तक होगी कार्रवाई: एसएसपी
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह आम नागरिक हो या खाकी वर्दीवाला। निलंबन के साथ ही दोनों दोषियों के खिलाफ कठोरतम विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिसके तहत उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया गतिमान है। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि धार्मिक और सरकारी ड्यूटी के दौरान मर्यादा बनाए रखें, अन्यथा सीधे एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।