कल 15 जून को कैंची धाम का स्थापना दिवस हैं। श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेला-2026 के अवसर पर बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है।
कैंची धाम का स्थापना दिवस कल
जिस पर आज दिनांक 14 जून 2026 को अब तक लगभग 20,000 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया है। सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा स्थानीय लोगों को रोके जाने संबंधी भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी स्थानीय निवासी वैध पहचान पत्र दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निर्बाध आवागमन कर सकते हैं। स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक रोक-टोक नहीं की जा रही है। कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी सत्यापन के उपरांत आगे जाने की अनुमति दी जा रही है।
यातायात व्यवस्था सामान्य
इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली सहित सभी जोनल एवं सुपर जोनल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु शटल सेवा लगातार संचालित की जा रही है तथा सभी शटल वाहन सुचारू रूप से चल रहे हैं। यातायात को व्यवस्थित एवं नियंत्रित रखने के लिए स्टिकर सिस्टम प्रभावी रूप से लागू किया गया है। निर्धारित स्टिकर लगे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी हुई है। मेला क्षेत्र में कहीं भी जाम की स्थिति नहीं है तथा यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है।
एसएसपी की अपील
नैनीताल पुलिस द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारियां प्रसारित करने से बचें। सभी श्रद्धालु एवं वाहन चालक पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान एवं निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का लाभ मिल सके।