अल्मोड़ा: आगामी दीपावली पर्व के दौरान नगर एवं आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों में शांति, लोक व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने के लिए आतिशबाजी व पटाखों की बिक्री के लिए स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं।
इन स्थलों पर होगी बिक्री
जिस पर प्रशासन की ओर से एडम्स बालिका इंटर कॉलेज के खेल मैदान तथा एसएसजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित सिमकनी मैदान को पटाखों की बिक्री के लिए चयनित किया गया है। इन स्थलों पर 5 नवंबर 2026 से 9 नवंबर 2026 तक बिक्री की जा सकेगी। पटाखा बिक्री के लिए विस्फोटक अधिनियम, 2008 के मानकों के तहत कुल 40 अस्थायी लाइसेंस (अनुज्ञप्तियां) जारी किए जाएंगे। इच्छुक व्यापारी उप जिलाधिकारी (सदर) कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ पहचान पत्र, नोटरीकृत शपथ पत्र, तय लेखाशीर्षक में जमा शुल्क की प्रति और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना अनिवार्य होगा। दुकानों का आवंटन 4 नवंबर 2026 को दोपहर 02:00 बजे नगर निगम सभागार में लॉटरी के जरिए सहायक नगर आयुक्त की उपस्थिति में किया जाएगा।
किया स्पष्ट
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित स्थलों के अलावा किसी भी अन्य स्थान पर आतिशबाजी की बिक्री, भंडारण या प्रदर्शनी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके लिए कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि बिना अनुमति के कहीं भी पटाखों की बिक्री न होने पाए।