जोशीमठ/चमोली: उत्तराखंड में बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का एक निजी हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हेलीकॉप्टर दुघर्टनाग्रस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में पायलट समेत सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं
सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और भारतीय सेना की संयुक्त टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और दुर्गम इलाके से सभी छह शवों को बरामद कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, शवों को सड़क मार्ग से जुड़े सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभियान जारी है। पुलिस के अनुसार हेलीकॉप्टर के पायलट की पहचान कैप्टन हिमांशु सभरवाल (निवासी दिल्ली) के रूप में हुई है। वहीं, मारे गए पांचों यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे, जिनके नाम प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस. नटराज हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हेलीकॉप्टर में कोई महिला या बच्चा सवार नहीं था। हादसे के बाद एहतियातन कदम उठाते हुए ‘मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’ के पूरे बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया गया है।
दो मिनट बाद ही टूट गया था संपर्क
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद ही, दोपहर लगभग 1:14 बजे जोशीमठ घाटी के ऊपर विमान का संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम से भी हेलीकॉप्टर गायब हो गया। स्थानीय कर्मियों ने हेलीकॉप्टर को काफी ऊंचाई से नीचे घाटी की ओर गिरते हुए देखा था।
जांच की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य में लगातार हो रही हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए हाल के वर्षों में हुए सभी हादसों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।