उत्तरकाशी: मौसम खराब होने और बर्फबारी व बारिश के चलते अस्थायी रूप से रोकी गई गंगोत्री धाम की यात्रा शुक्रवार सुबह से एक बार फिर से सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है।
दी यह जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) की टीम द्वारा सड़क मार्ग की मरम्मत और सुधारीकरण का कार्य पूरा करने के बाद यातायात को बहाल कर दिया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दो दिनों में मौसम के बिगड़े मिजाज, डिप्रेशन, बर्फबारी और तेज बारिश के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को गुरूवार शाम को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। अब मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि इस वर्ष गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस सफल यात्रा संचालन के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, सड़क निर्माण एजेंसियों और मीडिया के सहयोग की सराहना की।