अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में थाना देघाट क्षेत्र के अंतर्गत साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर ठग ने खुद को पीड़ित का भतीजा बताकर और वीजा रिन्यू कराने का झांसा देकर ₹1,48,000 रूपए ठग लिए।
ठगों ने उड़ाए लाखों रूपए
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के अनुसार, देघाट अस्पताल के पास रहने वाले खलील अहमद ने थाने में तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि बीते रविवार को दोपहर करीब 12 बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले शातिर अपराधी ने खुद को खलील का भतीजा ‘सानू’ बताया। ठग ने कहा कि उसे अपने वीजा की तारीख बढ़वानी है और इसके लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। पीड़ित को पूरी तरह विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने सानू के नाम की एक फर्जी (फेक) सोशल मीडिया/मैसेंजर प्रोफाइल आईडी का भी इस्तेमाल किया। जब पीड़ित खलील अहमद पूरी तरह झांसे में आ गए, तो आरोपी ने उनके मोबाइल पर पैसे ट्रांसफर करने के लिए एक क्यूआर कोड स्कैनर भेजा। अपने सगे भतीजे की मदद समझकर खलील ने बिना देर किए स्कैनर के माध्यम से भुगतान कर दिया।पीड़ित ने कुल ₹1,48,000 ठग के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में हकीकत का पता चलने पर पीड़ित के होश उड़ गए।
पुलिस की कार्रवाई
देघाट थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) गंगा राम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात ठग के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।