उत्तराखंड: उत्तराखंड के पौड़ी जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साथ ही यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार उपलब्ध न करा पाने से आहत एक वरिष्ठ रोजगार अधिकारी ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है।
शेयर किया पोस्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 47 वर्षीय वरिष्ठ प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारी उत्तम कुमार ने शासकीय सेवा के 22 साल पूरे होने के बाद यह बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली है। राज्य सरकार ने उनके इस आवेदन को मंजूर भी कर लिया है। हरिद्वार जिले के निवासी उत्तम कुमार पौड़ी जिले के लैंसडौन स्थित क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि राज्य सरकार ने 9 नवंबर (राज्य स्थापना दिवस) के पावन दिन पर उनके वीआरएस के आवेदन को स्वीकार कर लिया है। अपनी पोस्ट में उन्होंने टिप्पणी करते हुए लिखा, “आखिरकार सरकार ने वीआरएस स्वीकार कर ही लिया। जब रोजगार ही नहीं दे पा रहे तो काहे के रोजगार अधिकारी रहना।” पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि आज की यह ताजा खबर उन्हें नए रास्ते और नई मंजिल के लिए हौसला देगी।
कई जिलों में दे चुके हैं सेवाएं
उत्तम कुमार ने इस साल मई महीने में वीआरएस के लिए आवेदन किया था। शासकीय सेवा के दौरान वे हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और देहरादून समेत कई जिलों के रोजगार कार्यालयों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।