अल्मोड़ा: पर्यटन सीजन में खाद्य सुरक्षा पर सख्ती व मिलावट पर लगाम: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्यवाही, 3 नमूने प्रयोगशाला भेजे

अल्मोड़ा: पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने अल्मोड़ा में सख्त कदम उठाए हैं।

चलाया अभियान

30 जून 2026 को खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डॉ. राजेंद्र सिंह कथायत के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया गया। विभाग की टीम ने कसार देवी और नगर क्षेत्र में स्थित विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की बारीकी से जांच की।

संदिग्ध खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने

निरीक्षण के दौरान टीम ने संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों के 3 कानूनी नमूने परीक्षण के लिए लिए हैं। इन नमूनों में चीनी, दाल और चावल शामिल हैं, जिन्हें जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

कारोबारियों को दी गई कड़ी चेतावनी

विभाग ने सभी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी स्थिति में मिलावटी या एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का विक्रय न करें। इसके साथ ही बिना वैध लाइसेंस/पंजीकरण के खाद्य व्यापार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी कारोबारियों को अपने बिलों पर अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रहें उपस्थित

इस सघन अभियान दल में खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत, सहायक आयुक्त अनिल कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार और अनुसेवक ईश्वर सिंह नेगी उपस्थित रहे।