अल्मोड़ा: हिमालयी पर्यावरण संस्थान की भर्ती परीक्षा में मुन्नाभाई का खेल, पकड़ा गया फर्जी अभ्यर्थी, जांच शुरू

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल में आयोजित एमटीएस (समूह-ग) भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।

जानें पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार यहां परीक्षा में असली अभ्यर्थी की जगह किसी और के बैठने का मामला सामने आया है। संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी सजीष कुमार पीवी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार सुबह 10 बजे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी के तहत एमटीएस के एक पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 12 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात निरीक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियों पर संदेह हुआ। हालांकि, परीक्षा की गरिमा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए उसे पूरा होने दिया गया। परीक्षा समाप्त होते ही निरीक्षकों ने तुरंत संबंधित अभ्यर्थी से गहन पूछताछ की और दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि अमित कुमार (निवासी कैथल, हरियाणा) के स्थान पर साहिल (निवासी जींद, हरियाणा) परीक्षा दे रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी साहिल ने भी कथित रूप से अपनी गलती स्वीकार की।

जांच शुरू

प्रशासन ने कोतवाली सोमेश्वर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, मामले से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।संस्थान प्रशासन की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।