अल्मोड़ा: मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन सख्त, कहा- ‘कोई पात्र मतदाता न छूटे’, राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आगामी चुनावों के दृष्टिगत मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिस पर आज सोमवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति पर मंथन किया गया।

89 प्रतिशत से अधिक हुआ डिजिटलीकरण पूर्ण

इस बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के कुल 5,27,423 मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का वितरण शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इनमें से 4,71,831 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण भी पूर्ण हो चुका है, जो कि कुल लक्ष्य का 89.46 प्रतिशत है। शेष 55,592 प्रपत्रों के निस्तारण पर प्रशासन का मुख्य जोर है, जिनमें मुख्य रूप से ऐसे मतदाता शामिल हैं जो स्थानांतरित हो चुके हैं, मृत हैं, या जिनके नाम सूची में डुप्लीकेट हैं। प्रशासन ने पारदर्शिता बरतते हुए विधानसभावार उन मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई है, जिन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत की श्रेणी में रखा गया है। एडीएम युक्ता मिश्र ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने स्तर पर इन सूचियों का सत्यापन करें, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से न कटे और अपात्रों के नाम समय रहते हटाए जा सकें।

कहा- “कोई पात्र मतदाता न छूटे”

बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम युक्ता मिश्र ने कहा कि इस अभियान का एकमात्र उद्देश्य एक त्रुटिरहित और निष्पक्ष मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अभियान का क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से पूरा हो। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा जताई ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

रहें मौजूद

इस बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी भरत रावत सहित कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला, दिनेश पिल्खवाल समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बीएलए-1 मौजूद रहे।