हरिद्वार: अंडर-17 राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में देहरादून बना चैंपियन, फाइनल में हरिद्वार को 19 रनों से हराया

​हरिद्वार: हल्द्वानी स्थित जीएनजी क्रिकेट ग्राउंड में अंडर-17 माध्यमिक विद्यालय राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें इसका खिताब देहरादून की टीम ने अपने नाम कर लिया है।

प्रतियोगिता का आयोजन

जानकारी के अनुसार रोमांचक खिताबी मुकाबले में देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरिद्वार को 19 रनों से हराया, जिसके बाद हरिद्वार की टीम उपविजेता रही। फाइनल मुकाबले में देहरादून ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 15 ओवरों में 113 रनों का स्कोर खड़ा किया। देहरादून की ओर से वैदिक पुंडीर ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 50 रन बनाए, जबकि रतन ने 29 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। हरिद्वार के लिए आरव और शिव श्याम ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट झटके।
114 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार की टीम देहरादून के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 94 रनों पर सिमट गई। हरिद्वार की ओर से शिव श्याम ने 27 रन और आर्यन ने 19 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। देहरादून की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही, जिसमें शिवम ने तीन तथा अभय और दीपक ने दो-दो विकेट हासिल किए।

​किया सम्मानित

मैच के समापन पर मुख्य अतिथि एवं क्रिकेट बोर्ड ऑफ उत्तराखंड के उप सचिव नूर आलम ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मुकाबले में नवीन जोशी व एस.एस. रिजवी ने अंपायर (निर्णायक) और विमल यादव ने स्कोरर की भूमिका निभाई।