अल्मोड़ा: ‘ऑपरेशन भल छौ’ के तहत बुजुर्गों के द्वार पहुंची पुलिस, हर संभव मदद का दिया भरोसा, साइबर ठगी से भी किया आगाह

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में अकेले रहने वाले बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए अल्मोड़ा पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।

पुलिस की पहल

इसी क्रम में रविवार (22 नवंबर) को महिला कोतवाली पुलिस की टीम ने क्षेत्र में निवासरत एकल बुजुर्गों व वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और किसी भी आपात स्थिति में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशों और सीओ बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में महिला कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी और द्रौपदी सुयाल क्षेत्र के बुजुर्गों के घर पहुंचीं। टीम ने बुजुर्गों से संवाद कर उनकी समस्याएं पूछीं और उन्हें थाने के संपर्क नंबरों के साथ आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि स्वास्थ्य या अन्य किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे तुरंत संपर्क करें, पुलिस तत्काल सहायता के लिए मौजूद रहेगी।

जताया आभार

अपने बीच पुलिस को पाकर और आश्वासन मिलने से बुजुर्गों ने खुशी जताई और पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। साथ ही पुलिस ने साइबर अपराधों की जानकारी दी।

​