उत्तरकाशी: उत्तराखंड नर्सेज सर्विसेज एसोसिएशन, जनपद शाखा उत्तरकाशी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चिन्यालीसौड़ में तैनात स्थानांतरित नर्सिंग अधिकारियों को कार्यमुक्त न किए जाने के विरोध में सख्त रुख अपना लिया है।
सौंपा ज्ञापन
जिस पर संगठन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है। मांग पूरी न होने पर जिले भर के नर्सिंग अधिकारी सामूहिक कार्य बहिष्कार करेंगे। संगठन के अध्यक्ष बलवेंद्र सिंह राणा और सचिव कुलदीप सिंह सोमाड़ी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शासन के आदेशों के बावजूद CHC चिन्यालीसौड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुकरेती नर्सिंग अधिकारियों को रिलीव नहीं कर रहे हैं। प्रभारी का तर्क है कि जब तक ‘रिलीवर’ नहीं आएगा, तब तक कर्मचारियों को कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। नर्सेज संगठन ने इस तर्क को शासन के आदेशों की अवहेलना और कर्मचारियों का शोषण करार दिया है। अध्यक्ष बलवेंद्र राणा ने कहा, “यदि हर प्रभारी ऐसी शर्तें रखने लगे, तो शासन के स्थानांतरण आदेशों का कोई अर्थ नहीं रह जाएगा।”
सीएमओ का आश्वासन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में 7 से 9 जुलाई तक ‘स्वास्थ्य पखवाड़ा’ चल रहा है, जिसमें नर्सिंग अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीएमओ ने संगठन को आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य पखवाड़ा समाप्त होते ही शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक सभी स्थानांतरित नर्सिंग अधिकारियों को विधिवत कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।
कहा- ‘अधिकारों से समझौता नहीं’
कार्यकारी अध्यक्ष गिरीश उनियाल ने कहा कि संगठन स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देता है, लेकिन प्रशासनिक मनमानी और कर्मचारियों के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक आदेशों का पालन नहीं हुआ, तो नर्सिंग अधिकारी काम बंद कर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की होगी।
रहें उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान अनीता चौहान, पुष्पलता, नरेश, रघुवीर ढिल्लों, संदीप सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।