नैनीताल: भारतीय डाक विभाग ने अपने डिजिटल परिवर्तन कार्यक्रम ‘आईटी 2.0’ (एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी-एपीटी) के तहत एक ऐतिहासिक पहल की है।
खास पहल
जिसमें साधारण डाक सेवाओं को भी हाई-टेक कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार अब तक केवल स्पीड पोस्ट और रजिस्टर्ड डाक की ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन नई व्यवस्था के बाद अब साधारण पत्र, अंतर्देशीय पत्र, बुक पोस्ट और छोटे साधारण पार्सलों की भी पल-पल की जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। नैनीताल के प्रवर डाक अधीक्षक (एसएसपी) अमित दत्त ने इस नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे डाक सेवाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी। केंद्रीय संचार मंत्रालय ने इस योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए सभी डाक अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
जानें कैसे काम करेगी नई प्रणाली
अब प्रत्येक साधारण डाक पर एक विशिष्ट बारकोड अंकित किया जाएगा। बुकिंग से लेकर छंटाई (सॉर्टिंग) और अंतिम वितरण तक, हर चरण पर डाक को स्कैन किया जाएगा। प्रेषक इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित डाकघर के माध्यम से अपने पत्र की वर्तमान स्थिति (लाइव स्टेटस) देख सकेंगे। इससे डाक के गुम होने या देरी से पहुँचने की शिकायतों में कमी आएगी।