उत्तराखंड: NEET विवाद के बीच उत्तराखंड में बड़ा पेपर लीक: यह परीक्षाएं हुई रद्द, सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

उत्तराखंड: देश भर में NEET परीक्षा को लेकर जारी राष्ट्रव्यापी विवाद के बीच अब उत्तराखंड की परीक्षा प्रणाली पर भी बड़े सवाल उठ रहे हैं। उत्तराखंड में वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (VMSB UTU) ने BTech सेमेस्टर परीक्षा के दो महत्वपूर्ण विषयों का पेपर लीक होने की खबर सामने आई है।

पेपर लीक मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पेपर लीक होने की पुष्टि के बाद दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। यूनिवर्सिटी के इवन सेमेस्टर 2025-26 के तहत आयोजित होने वाली दो मुख्य परीक्षाओं—’मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ (IOTT004) और ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ (ECT043) का पेपर परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। साथ ही इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रोफेसर गिरफ्तार

दून पुलिस के अनुसार, झाझरा स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में तैनात 40 वर्षीय सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता इस लीक के मुख्य सूत्रधार हैं। वह परीक्षा में एक्सटर्नल इनविजिलेटर (बाहरी निरीक्षक) के रूप में तैनात थे।कॉलेज की इन-हाउस जांच और यूनिवर्सिटी द्वारा गठित हाई-लेवल जांच समिति की रिपोर्ट में पाया गया कि प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र संस्थान के इंटरनल पोर्टल और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर छात्रों के साथ साझा कर दिए थे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से वहीं आरोपी शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज कराने के साथ ही उन्हें 7 वर्षों के लिए विश्वविद्यालय की सभी गतिविधियों से डिबार कर दिया गया है। वहीं दोनों रद्द की गई परीक्षाएं अब अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएंगी।