रुद्रप्रयाग: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को संवेदनशील सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का स्थलीय निरीक्षण किया।
किया निरीक्षण
इस दौरान उन्होंने भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चल रहे ट्रीटमेंट कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को काम तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन से पहले सड़क के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में आवश्यक साइनेज (संकेत बोर्ड) लगाए जाएं। इन साइनेज के जरिए वाहन चालकों को क्षेत्र की संवेदनशीलता, निर्माण कार्यों और बरती जाने वाली सावधानियों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
पुलिस को देनी होगी यह सूचना
डीएम विशाल मिश्रा ने निर्देश दिए कि ट्रीटमेंट कार्य के दौरान यदि किसी भारी मशीनरी या उपकरण को साइट पर लाया जाना हो, तो इसकी पूर्व सूचना पुलिस और प्रशासन को अनिवार्य रूप से दी जाए। इससे ऐन वक्त पर लगने वाले जाम से बचा जा सकेगा और यातायात को सुचारू रूप से नियंत्रित किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अहम सिरोबगड़ मार्ग
जिलाधिकारी ने कहा कि सिरोबगड़ मार्ग चारधाम यात्रा और स्थानीय आवागमन के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए इस संवेदनशील क्षेत्र में सड़क सुरक्षा, यातायात की सुगमता और भूस्खलन के स्थायी समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी दी कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और नियमित निगरानी के साथ सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।