अल्मोड़ा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा द्वारा जिले में पैन इंडिया जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन (सुरक्षित जीवन)’ का भव्य शुभारंभ किया गया।
किया जागरूक
इसी क्रम में आज बुधवार (28 अक्टूबर) को स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल, अल्मोड़ा में आयोजित जागरूकता शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षित वातावरण, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य तथा सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही नालसा (बाल-अनुकूल विधिक सेवाएं) योजना 2024, पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) 2012, बाल अधिकार, असुरक्षित स्पर्श (बैड टच), यौन उत्पीड़न, बाल विवाह और बाल तस्करी की रोकथाम जैसे गंभीर विषयों पर महत्वपूर्ण विधिक जानकारियां दी गईं।
दी यह जानकारी
कार्यक्रम में छात्रों को साइबर सुरक्षा के उपाय बताने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। शिविर के अंत में विद्यार्थियों को अभियान से संबंधित सूचनात्मक पैम्फलेट भी वितरित किए गए।
रहें मौजूद
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद याकूब, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट नवल बिष्ट, अल्मोड़ा कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल रोहित बिष्ट, विद्यालय प्रबंधक सुशील सोहन लाल, एकेडमिक हेड विपुल कार्की और अधिकार मित्र सहित कई गणमान्य लोग व शिक्षक मौजूद रहे।