उत्तराखंड: यहां दिखा 1 फीट के पंखों वाला विशालकाय ‘एटलस मॉथ’, अनोखी होती है खासियत

उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दुर्लभ नजारा सामने आया है। यहां ग्राम नवाना की रहने वाली 78 वर्षीय उमा देवी के घर के पास खड़ीक के पेड़ पर करीब एक फीट तक फैले पंखों वाला एक विशालकाय जीव देखा गया।

फोटो में कैद हुई तस्वीर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पहली नजर में तितली जैसा दिखने वाला यह जीव असल में दुनिया के सबसे बड़े पतंगों में शुमार ‘एटलस मॉथ’ निकला। जिसके बाद उन्होंने समझदारी दिखाते हुए तुरंत मोबाइल से उसकी तस्वीर ली और परिजनों को दिखाई। देखते ही देखते गांव में इस अजूबे जीव को लेकर चर्चा शुरू हो गई। बाद में वन्यजीव विशेषज्ञों ने फोटो देखकर स्पष्ट किया कि यह कोई तितली नहीं, बल्कि दुर्लभ ‘एटलस मॉथ’ है। तितली विशेषज्ञ संजय सोंधी ने बताया कि एटलस मॉथ चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी और देहरादून समेत उत्तराखंड के विभिन्न जंगलों में पाया जाता है। गर्मियों और मानसून के दौरान यह कई जगहों पर नजर आता है।

नक्शे जैसी होती है बनावट

10 से 12 इंच तक पंख फैलाने वाला यह पतंगा अपने भूरे रंग और पंखों पर बने मानचित्र (मैप) जैसे पैटर्न के कारण आसानी से पहचाना जाता है। इसी पैटर्न की वजह से इसे ‘एटलस’ नाम दिया गया है। वयस्क होने के बाद इसके मुखांग विकसित नहीं होते, इसलिए यह कुछ भी नहीं खाता। यह इल्ली (कैटरपिलर) अवस्था में जमा की गई शरीर की वसा के सहारे ही जीवित रहता है।