उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एकल उपयोग प्लास्टिक (सिंगल यूज़ प्लास्टिक) को पर्यावरण के लिए एक गंभीर खतरा बताते हुए इसे पूरी तरह से समाप्त करने के लिए खास अपील की है।
जनता से की यह अपील
जिस पर उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर लगी रोक को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केवल सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि इसमें आम जनता का सक्रिय सहयोग भी बेहद जरूरी है। जानकारी के अनुसार सीएम ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उत्तराखंड को प्लास्टिक मुक्त राज्य बनाने के संकल्प को साकार करने में योगदान देना चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं से भी भावनात्मक अपील की। उन्होंने कहा कि देवभूमि के प्राकृतिक स्थलों, नदियों और पहाड़ियों की पवित्रता व सुंदरता को बनाए रखने के लिए वहां प्लास्टिक या किसी भी अन्य प्रकार का कचरा न फैलाएं। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में प्लास्टिक के थैलों को पूरी तरह त्यागने की बात कही। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए कपड़े व जूट से बने थैलों और अन्य पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) उत्पादों का ही उपयोग करें।