अल्मोड़ा में विकास कार्यों को गति: पलटन बाजार से कोतवाली मार्ग के सौंदर्यीकरण और सोलर लाइटों के लिए इतने करोड़ की धनराशि जारी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा नगर के विकास और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार द्वारा धनराशि जारी की गई है।

धनराशि स्वीकृत

जिसमें नगर निगम अल्मोड़ा क्षेत्र के अंतर्गत पलटन बाजार से कोतवाली तक के मार्ग के सौंदर्यीकरण, पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) और अन्य अवस्थापना कार्यों के लिए ₹4 करोड़ 66 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा, नगर क्षेत्र में 200 नई सोलर लाइटों की स्थापना के लिए ₹35 लाख की राशि अलग से जारी की गई है। धनराशि जारी होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निकाय प्रकोष्ठ ने गहरा संतोष व्यक्त किया है। जिला निकाय प्रकोष्ठ के संयोजक एवं पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अल्मोड़ा नगर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। आने वाले समय में अन्य नई परियोजनाओं की स्वीकृति से शहर के विकास को और अधिक गति मिलेगी। वहीं, भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक कैलाश गुरुरानी ने कहा कि सरकार ने एक विकसित, सुंदर और स्वच्छ अल्मोड़ा के दृष्टिकोण के साथ ही नगर निगम का गठन किया था और सरकार उसी दिशा में धरातल पर कार्य कर रही है। इन दोनों विकास कार्यों के लिए बजट आवंटन में अल्मोड़ा नगर के महापौर अजय वर्मा के प्रयासों की भी सराहना की गई। जिस पर निकाय प्रकोष्ठ ने उम्मीद जताई है कि आगामी समय में भी इसी प्रकार अल्मोड़ा के विकास कार्यों के लिए निरंतर धन का आवंटन होता रहेगा।

रहें शामिल

इस दौरान आभार व्यक्त करने वालों में प्रदेश सहसंयोजक कैलाश गुरुरानी, जिला संयोजक पार्षद अमित साह मोनू, जिला सहसंयोजक पार्षद श्याम पांडे और पार्षद वंदना वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।