उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास, सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपये के कार्यों को मंजूरी दी है।
इतने करोड़ की धनराशि मंजूर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री ने राज्य के पांच प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 3.45 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर और महाब गढ़ मंदिर, पिथौरागढ़ के डीडीहाट स्थित हरिचंद देवता मंदिर और मिलम गांव का नंदा देवी मंदिर, तथा अल्मोड़ा के सल्ट स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के कार्य शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं के लिए पहली किस्त की राशि भी जारी कर दी गई है। चंपावत में तामली से रूपालीगाड तक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये और नई टिहरी में जंगली जानवरों से सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए 93.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की गई है।