अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं उनके द्वारा नामित बीएलए-1 के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
98,529 नोटिसों की सुनवाई के लिए 856 मतदेय स्थल निर्धारित
इस बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाए जाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए-1 को एसआईआर से संबंधित प्रक्रिया, दायित्वों तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्राप्त नोटिसों के निस्तारण एवं सत्यापन के लिए सुनवाई प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गये। साथ ही उन्होंने कहा कि जनपद में कुल 98,529 नोटिसों की सुनवाई के लिए 856 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में कुल 16,962 नोटिसों की सुनवाई 149 मतदेय स्थलों पर की जा रही है। यहां सुनवाई की अवधि 29 जुलाई 2026 से 18 अगस्त 2026 तक निर्धारित है। सल्ट विधानसभा क्षेत्र में 18,668 नोटिसों की सुनवाई 112 मतदेय स्थलों पर 03 अगस्त 2026 से 03 सितंबर 2026 तक होगी। इसी प्रकार रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में 12,020 नोटिसों की सुनवाई 140 मतदेय स्थलों पर 29 जुलाई 2026 से 02 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 14,056 नोटिसों की सुनवाई 156 मतदेय स्थलों पर 03 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2026 तक की जाएगी। अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र में 19,266 नोटिसों की सुनवाई 142 मतदेय स्थलों पर 01 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक तथा जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 17,557 नोटिसों की सुनवाई 187 मतदेय स्थलों पर 01 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है।
दिए जरूरी निर्देश
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा एसआईआर के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं, प्रक्रियात्मक विषयों एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं से अवगत कराया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों ने पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुगम एवं प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए।
रहें उपस्थित
बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत, विभिन्न राजनीति दलों के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।