उत्तराखंड: प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। जिस पर राज्य सरकार ने बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण से जुड़ी तीनों प्रमुख कंपनियों—UJVNL, UPCL और PITCUL की सभी सेवाओं को अगले छह महीनों के लिए ‘आवश्यक सेवा’ घोषित कर दिया है।
अधिसूचना जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में शासन द्वारा अधिसूचना जारी की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार, इन तीनों निगमों में सभी श्रेणी के कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार की हड़ताल करने पर तत्काल प्रभाव से छह माह तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति में किसी भी तरह का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह निर्णय ‘उत्तर प्रदेश अत्यावश्यक सेवाओं का अनुरक्षण अधिनियम’ (ESMA) के तहत लिया गया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने बताया कि यह कदम पूरी तरह जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उठाया गया है।