अल्मोड़ा: नंदा देवी मेले की तैयारियों का सीडीओ ने लिया जायजा, समय से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश

अल्मोड़ा: आगामी 16 सितंबर से होने वाले ऐतिहासिक नंदा देवी मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने नंदा देवी मंदिर पहुंचकर मेला आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

दिए यह निर्देश

इस दौरान मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला अल्मोड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। साथ ही कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नंदा देवी मेले की सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

रहें उपस्थित

इस दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नंदा देवी मेला समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।