अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के छात्र महासंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अपना परचम लहराया है।
चुनाव परिणाम
जिसमें एबीवीपी प्रत्याशी दिवस ओझा को निर्विरोध विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं कार्यकारिणी के सभी पदों पर उम्मीदवारों का चयन निर्विरोध संपन्न हुआ। जानकारी के अनुसार आज गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में छात्र महासंघ चुनाव के लिए नामांकन, नाम वापसी और मतदान की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में आयोजित की गई थी। चुनावी प्रक्रिया के दौरान सभी पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन ही प्राप्त हुआ, जिसके बाद चुनाव अधिकारी ने सभी प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी।
चुने गए नए पदाधिकारी
• अध्यक्ष: दिवस ओझा (एबीवीपी)
• उपाध्यक्ष: विवेक
• उपाध्यक्ष (छात्रा): नेहा गढ़िया
• सचिव: नीरज जोशी (एनएसयूआई)
• संयुक्त सचिव: चारु कठायत
• कोषाध्यक्ष: दर्शन जोशी
जश्न का माहौल
कुल पांच प्रमुख पदों में से चार पर एबीवीपी समर्थित प्रत्याशियों ने बाजी मारी, जबकि सचिव पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी नीरज जोशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं परिणामों की घोषणा के तुरंत बाद एसएसजे परिसर प्रांगण में चुनाव अधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जीत की घोषणा होते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ परिसर में जमकर जश्न मनाया।