उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) को दी विदाई, कार्यकाल के योगदान की सराहना की

​उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में निवर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के सम्मान में आयोजित एक विदाई समारोह में सहभागिता की।

दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके सफल और प्रेरणादायी कार्यकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।‌ जानकारी के अनुसार साथ ही उत्तराखंड के विकास और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में उनके अमूल्य योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। सीएम ने कहा कि राज्यपाल के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का कार्यकाल प्रदेश के लिए बेहद प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने अपने अनुभव, दूरदर्शी सोच और अनुशासन के जरिए प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को नई दिशा दी। सीएम ने कहा कि राज्यपाल ने हमेशा उत्तराखंड की सैन्य परंपरा, वीर सैनिकों के त्याग और उनके समर्पण को विशेष सम्मान दिया।

​उत्तराखंड में कार्य करना मेरे लिए गौरव का विषय- राज्यपाल

इस विदाई समारोह के दौरान निवर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समस्त प्रदेशवासियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव और सौभाग्य का विषय रहा है। ​उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आध्यात्मिक विरासत और यहां के लोगों के स्नेह को निकट से अनुभव करने का अवसर मिला।