उत्तराखंड: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पति गिरधारी लाल साहू पर लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।
एसआईटी का गठन
जिस पर एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने एसपी देहात जया बलोनी की निगरानी में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गठन के तुरंत बाद शुक्रवार को एसआईटी डालनवाला स्थित कृष्णा मेडिकल अस्पताल पहुंची, जहां कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भर्ती हैं। टीम ने उनसे बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों द्वारा उन्हें फिलहाल बयान देने के लिए फिट न बताए जाने के कारण एसआईटी को वापस लौटना पड़ा।
जांच के अगले चरण में एसआईटी जल्द ही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के औपचारिक बयान दर्ज करेगी। इसके साथ ही, टीम मामले से जुड़े उस कथित ऑडियो को भी अपने कब्जे में लेगी, जिसमें गिरधारी लाल साहू और एक महिला की बातचीत बताई जा रही है। इस ऑडियो की सत्यता परखने के लिए इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसमें आवाज गिरधारी लाल साहू की ही है या नहीं।
टीम में शामिल
एसआईटी में एसपी देहात जया बलोनी के साथ सीओ सहसपुर अनुज कुमार, कैंट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुंवर और शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट को शामिल किया गया है।