उत्तराखंड: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ दर्ज कराए गए गंभीर मामलों में एसआईटी (SIT) ने कार्रवाई तेज कर दी है।
कार्यवाही तेज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एसआईटी ने मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू और मामले से जुड़ी एक महिला को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए देहरादून बुलाया है। नोटिस जारी होने के बावजूद आरोपी गिरधारी लाल साहू अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि वे न तो बरेली में हैं और न ही कुमाऊं क्षेत्र में मिल रहे हैं। उनकी तलाश के लिए एसआईटी ने उनके दोनों मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए हैं, हालांकि दोनों ही नंबर वर्तमान में बंद आ रहे हैं।
जानें क्या है पूरा मामला
मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, हत्या की साजिश रचने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस ने जहां एक ओर वादी यानी मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज कर लिए हैं, वहीं अब आरोपियों के पक्ष को भी सुना जाना है। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रकरण से जुड़ी महिला उत्तर प्रदेश की रहने वाली है, और मंत्री ने उस महिला तथा साहू के बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप भी पुलिस को सबूत के तौर पर सौंपी है।