रुद्रप्रयाग: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आज शनिवार को जनपद रुद्रप्रयाग में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
इस मौके पर खेल निदेशालय उत्तराखंड के तत्वावधान में और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। जानकारी के अनुसार मुख्य कार्यक्रम स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में आयोजित किया गया, जहां केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली का शुभारंभ किया। इस दौरान लगभग तीन किलोमीटर लंबी रैली स्टेडियम से शुरू होकर विजयनगर तक गई और पुनः स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दिलाई शपथ
इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ऋतु नेगी ने भी शिरकत की। विधायक ने इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।